गरियाबंद/छुरा। शासकीय स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत एक युवक पर शादी का झांसा देकर युवती से कथित तौर पर लाखों रुपये लेने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगा है। मामले में भिलाई निवासी युवती ने छुरा थाना पुलिस में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और कथित रूप से ली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार आरोपी अरुण कुमार साहू, पिता स्व. बी.आर. साहू, मड़ेली, थाना छुरा, जिला गरियाबंद का निवासी है और शासकीय मिडिल स्कूल मड़ेली में शिक्षक के रूप में कार्यरत है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने का वादा कर विश्वास में लिया और इसी दौरान अलग-अलग मौकों पर उससे पैसे लिए।
शिकायत में युवती ने बताया है कि आरोपी ने ऑनलाइन माध्यम से उससे 95 हजार रुपये लिए। इसके अलावा शादी के बाद रायपुर के सैरीखेड़ी स्थित साई कॉलोनी में नया फ्लैट खरीदने और रिनोवेशन के लिए पैसों की जरूरत बताते हुए उससे 2 लाख रुपये नकद भी लिए गए।
युवती का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। इसके बावजूद शादी का भरोसा देकर उससे संपर्क बनाए रखा गया। शिकायतकर्ता ने इसे विश्वास में लेकर उसके और उसके परिवार के साथ छल करने का कृत्य बताया है।
शिक्षक जैसे जिम्मेदार पद पर रहते हुए इस तरह का कृत्य किए जाने के आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है। जिस व्यक्ति पर बच्चों को नैतिकता, जिम्मेदारी और सही आचरण की सीख देने की जिम्मेदारी होती है, उसी पर शादी का झांसा देकर युवती से पैसे लेने और वैवाहिक स्थिति छिपाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
युवती ने पुलिस से आरोपी द्वारा ली गई राशि वापस दिलाने तथा मामले की जांच कर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।








