नई दिल्ली। India vs West Indies 2026: वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे और पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी हुई है, जबकि रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज को भी टीम में शामिल किया गया है। वहीं, नमन धीर और औकिब नबी समेत कुछ नए खिलाड़ियों को भी टीम में जगह मिली है।
वेस्टइंडीज का भारत दौरा 27 सितंबर 2026 से शुरू होगा। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम, दूसरा 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इसके बाद 6 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी।

रोहित-विराट की वापसी
रोहित शर्मा ने 2027 वनडे विश्व कप खेलने की इच्छा जाहिर की थी। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उनका चयन भारतीय टीम की आगे की योजना के लिहाज से अहम माना जा रहा है। विराट कोहली को भी वनडे टीम में शामिल किया गया है। रोहित को अक्टूबर 2025 में वनडे कप्तानी से हटाकर शुभमन गिल को जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने वनडे क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया और अपनी उपलब्धता बनाए रखी।
हार्दिक पंड्या को नहीं मिली जगह
ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को इस दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। वह आईपीएल 2026 के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेल पाए हैं। जून में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उनका चयन हुआ था, लेकिन पैर की चोट के कारण सीरीज से पहले ही वह बाहर हो गए थे।
भारतीय वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, औकिब नबी, यशस्वी जायसवाल और नमन धीर।
भारतीय टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव।
वेस्टइंडीज का भारत दौरा 2026
- पहला वनडे: 27 सितंबर – तिरुवनंतपुरम
- दूसरा वनडे: 30 सितंबर – गुवाहाटी
- तीसरा वनडे: 3 अक्टूबर – न्यू चंडीगढ़
- पहला टी20: 6 अक्टूबर – लखनऊ
- दूसरा टी20: 9 अक्टूबर – रांची
- तीसरा टी20: 11 अक्टूबर – इंदौर
- चौथा टी20: 14 अक्टूबर – हैदराबाद
- पांचवां टी20: 17 अक्टूबर – बेंगलुरु







