पाटन। ग्राम बोरवाय निवासी विक्रम बारले और पदमिनी बारले बुधवार को अपने 13 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ बारले की समस्या लेकर जनपद पंचायत पाटन के सीईओ के पास पहुंचे। सिद्धार्थ 100 प्रतिशत दिव्यांग है। माता-पिता मजदूरी कर परिवार का जीवन-यापन करते हैं और उनके पास कोई कृषि भूमि नहीं है।
परिजनों ने बताया कि फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने के कारण सिद्धार्थ का आधार कार्ड अपडेट नहीं हो पा रहा था, जिसके चलते राशन कार्ड में उसका नाम कट गया और परिवार को मिलने वाले राशन में कमी हो गई। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की परेशानी बढ़ गई।
मामले को जनपद पंचायत सीईओ ने संज्ञान में लेते हुए जनपद पंचायत के आधार केंद्र में बच्चे का फेस आई स्कैन के माध्यम से आधार अपडेट करने के निर्देश दिए। सीईओ के निर्देश के बाद परिवार को उम्मीद है कि आधार अपडेट होने के पश्चात राशन कार्ड में बच्चे का नाम पुनः जुड़ सकेगा और परिवार को नियमानुसार राशन का लाभ मिल सकेगा







