म्यांमार के पश्चिमी राखाइन राज्य के क्याउक्तॉ (Kyauktaw) इलाके में एक बाजार के पास हुए सैन्य हवाई हमले में करीब 50 लोगो की मौत हो गई है। स्थानीय राहतकर्मियों के मुताबिक हमले में कम से कम 58 लोग घायल हुए हैं। शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 49 बताई गई थी, लेकिन मंगलवार को मलबे से और शव मिलने के बाद आंकड़ा 50 तक पहुंच गया।
रिपोर्टों के मुताबिक हमला सोमवार दोपहर क्याउक्तॉ के एक व्यस्त बाजार और उसके आसपास हुआ। अराकान आर्मी (AA) और स्थानीय बचावकर्मियों का कहना है कि एक सैन्य विमान ने बाजार के पास दो बम गिराए। उस समय बाजार में दुकानदारों, खरीदारों और राहगीरों की बड़ी संख्या मौजूद थी। हमले के बाद इलाके में आग लग गई और कई इमारतों तथा वाहनों को नुकसान पहुंचा। पास के एक पुल को भी क्षति पहुंचने की जानकारी सामने आई है।


स्थानीय अधिकारियों के अनुसार 58 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई गई है। राहतकर्मियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या आगे भी बढ़ सकती है, क्योंकि हमले के बाद लगी आग में कुछ शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। क्याउक्तॉ क्षेत्र पर अराकान आर्मी का नियंत्रण है। इसी संगठन ने हमले के लिए म्यांमार की सेना को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, हमले पर म्यांमार की सेना की तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सेना पहले कहती रही है कि उसके हवाई हमले वैध सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए जाते हैं और वह सशस्त्र विरोधी समूहों को आतंकवादी संगठन मानती है।
म्यांमार में फरवरी 2021 में सैन्य तख्तापलट के बाद से सेना और विभिन्न जातीय तथा लोकतंत्र समर्थक सशस्त्र समूहों के बीच संघर्ष जारी है। राखाइन राज्य भी इस संघर्ष से बुरी तरह प्रभावित है। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार इस संघर्ष के कारण यहां बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं।






