पाटन। जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 की प्रारंभिक पात्रता सूची में उनके नाम को लेकर प्रकाशित समाचारों पर अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा है कि यह सूची शासन द्वारा नियुक्त सर्वे दल एवं संबंधित विभाग द्वारा तैयार की गई है। इस सर्वे, सत्यापन अथवा सूची निर्माण की प्रक्रिया में उनका किसी भी प्रकार का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हस्तक्षेप नहीं रहा है।
श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि जैसे ही उन्हें प्रारंभिक सूची में अपना नाम शामिल होने की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पाटन को मौखिक रूप से निर्देशित किया कि यदि किसी भी स्तर पर उनके नाम का आवास स्वीकृत अथवा पात्रता सूची में दर्ज है, तो उसे तत्काल निरस्त किया जाए। साथ ही संपूर्ण सूची का निष्पक्ष पुनः सर्वे एवं सत्यापन कराया जाए, ताकि कोई भी वास्तविक, गरीब एवं जरूरतमंद परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि “मैं स्वयं किसी भी प्रकार से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने की इच्छुक नहीं हूँ। मेरी प्राथमिकता केवल यह है कि शासन की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े वास्तविक पात्र और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे। यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि हुई है, तो उसका निष्पक्ष परीक्षण कर तत्काल सुधार किया जाना चाहिए।
श्रीमती कीर्ति नायक ने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी नैतिक जिम्मेदारी है कि योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। इसलिए उन्होंने स्वयं अपने नाम को सूची से हटाने तथा सभी ग्रामों में पुनः सर्वे कर वास्तविक पात्र परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
।





