दुर्ग। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मचान्दुर के लिए इस वर्ष राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप परीक्षा (NMMSE) का परिणाम खुशियों की सौगात लेकर आया है। विद्यालय के 5 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बन गया। बैंड-बाजे, मिठाई और पटाखों के साथ बच्चों की इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया।
NMMSE परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें चार वर्षों में कुल 48 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है।
इस वर्ष चयनित विद्यार्थियों में मिर्जा आबिद हुसैन (120 अंक), सिद्धि साहू (118 अंक), निधि देवांगन (118 अंक), मीनाक्षी (116 अंक) एवं नंदनी देवांगन (115 अंक) शामिल हैं। वहीं अन्य कई विद्यार्थियों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन कर विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया।
परिणाम के बाद विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में बच्चों एवं उनके पालकों को आमंत्रित कर बधाई दी गई। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय परिवार के सहयोग को दिया।
विशेष बात यह रही कि इस वर्ष विद्यार्थियों ने बिना किसी निजी कोचिंग के विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयारी कर यह सफलता हासिल की। इससे यह साबित हुआ कि समर्पित शिक्षण और विद्यार्थियों की मेहनत से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
विद्यालय की प्रधान पाठिका पूर्णिमा साहू ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकों तथा सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
संकुल समन्वयक प्रणव माण्ड्रिक ने भी विद्यालय परिवार का उत्साहवर्धन करते हुए इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर प्रगति पथ पर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।





