पाटन। ग्राम पंचायत महुदा में शासकीय राशन दुकान की अनियमितता के चलते कार्डधारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार राशन लेने के लिए उन्हें सुबह करीब 4 बजे से ही दुकान के बाहर कतार में लगना पड़ता है। इसके बावजूद कई बार भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें राशन लिए बिना ही वापस लौटना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित संचालक द्वारा तीन से चार राशन दुकानों का संचालन किया जाता है। इसके चलते महुदा की राशन दुकान महीने में महज चार से पांच दिन ही खुल पाती है। दुकान कम दिनों तक खुलने के कारण राशन लेने के लिए बड़ी संख्या में कार्डधारी एक ही दिन पहुंच जाते हैं, जिससे लंबी कतार लग जाती है और ग्रामीणों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि राशन जैसी आवश्यक सुविधा के लिए उन्हें इतनी परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि ग्राम पंचायत महुदा की राशन दुकान महीने में कम से कम 15 दिन नियमित रूप से खोली जाए, ताकि सभी कार्डधारियों को समय पर राशन मिल सके और उन्हें सुबह-सुबह घंटों कतार में खड़े होने की मजबूरी से राहत मिले।





