हरितालिका तीज एवं गणेश चतुर्थी पर क्षेत्रवासियों को दी शुभकामनाएं, माताओं-बहनों के अखंड सौभाग्य और सुखी दांपत्य जीवन की कामना
पाटन। आस्था, श्रद्धा और भारतीय संस्कृति के पावन पर्व हरितालिका तीज एवं गणेश चतुर्थी के अवसर पर जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने भगवान भोलेनाथ एवं प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर श्रीमती कीर्ति नायक ने भगवान शिव से पाटन क्षेत्र के सभी परिवारों पर अपनी कृपा बनाए रखने तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करने की कामना की। उन्होंने भगवान श्री गणेश जी से क्षेत्र के विकास, उन्नति और सभी के जीवन में नई ऊर्जा एवं सकारात्मकता का संचार होने की प्रार्थना की।
श्रीमती कीर्ति नायक ने विशेष रूप से क्षेत्र की माताओं एवं बहनों के अखंड सौभाग्य, सुखी दांपत्य जीवन और परिवार की खुशहाली के लिए मंगलकामनाएं कीं। उन्होंने कहा कि हरितालिका तीज केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि हमारी मातृशक्ति की श्रद्धा, समर्पण और पारिवारिक सुख-समृद्धि की भावना का प्रतीक है। वहीं गणेश चतुर्थी विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की आराधना के माध्यम से जीवन में शुभता और नई शुरुआत का संदेश देती है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को दोनों पावन पर्वों की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ और श्री गणेश जी की कृपा से पाटन क्षेत्र का प्रत्येक परिवार सुखी रहे, सभी के जीवन से संकट और बाधाएं दूर हों तथा क्षेत्र निरंतर विकास और प्रगति की ओर अग्रसर हो।
श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराओं की यही खूबसूरती है कि पर्व-त्योहार समाज में एकता, प्रेम, भाईचारे और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से श्रद्धा एवं उत्साह के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया।





