रायपुर। CG NEWS : छत्तीसगढ़ में 79वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह इस वर्ष भी पूरे गौरव, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया जाएगा। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारियां सौंपने के निर्देश दिए गए।


बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त की सुबह 9 बजे राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में आकर्षक परेड, राष्ट्रीय ध्वजारोहण, सलामी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न शासकीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था, साफ-सफाई और सांस्कृतिक आयोजनों सहित सभी व्यवस्थाओं का विस्तृत खाका तैयार किया गया है।
परेड और सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
राज्य स्तरीय समारोह की सबसे प्रमुख आकर्षण भव्य परेड होगी। परेड में भाग लेने वाली विभिन्न टुकड़ियों के चयन, अभ्यास (रिहर्सल) और आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पुलिस उप महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल को सौंपी गई है, जो पुलिस महानिदेशक के मार्गदर्शन में सभी तैयारियां सुनिश्चित करेंगे।
वहीं समारोह के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर को दी गई है, ताकि आम नागरिकों और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मंच, पंडाल और बैठक व्यवस्था पर रहेगा विशेष ध्यान
समारोह स्थल पर साफ-सफाई, मंच निर्माण, पंडाल, अतिथियों एवं आमंत्रित लोगों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की जिम्मेदारी आयुक्त, नगर पालिक निगम रायपुर को सौंपी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आयोजन स्थल की सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि समारोह गरिमामय और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बढ़ाएंगी समारोह की शोभा
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का चयन एवं संचालन स्कूल शिक्षा विभाग तथा संस्कृति विभाग द्वारा किया जाएगा। वहीं बच्चों के रिहर्सल, आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कलेक्टर रायपुर को दी गई है।
जिला और तहसील स्तर पर भी होंगे भव्य आयोजन
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य की तरह सभी जिला एवं तहसील मुख्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा शीघ्र जारी किए जाएंगे, ताकि पूरे प्रदेश में एक समान व्यवस्था के साथ कार्यक्रम आयोजित हो सकें।
‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर विशेष आयोजन
बैठक में यह भी तय किया गया कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित सभी शासकीय कार्यक्रमों की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से की जाएगी। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश संस्कृति विभाग द्वारा जारी किए जाएंगे। इस विशेष पहल का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करना तथा नई पीढ़ी को राष्ट्रगौरव से जोड़ना है।
बैठक में रहे ये वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार सिंह, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।






