पाटन। पाटन अनुभाग के नए एसडीओपी प्रांशु तिवारी ने पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले वे सुकमा जिले के चिंतागुफा में एसडीओपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पाटन में पदभार संभालते ही उन्होंने अनुभाग की कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली और पहले ही दिन अनुभाग के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा की।

एसडीओपी प्रांशु तिवारी ने थाना प्रभारियों से उनके-अपने थाना क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और प्रमुख समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका निराकरण करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान उन्होंने टोलाघाट में कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात जाम की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए पुलिस बल को सतर्क रहकर काम करना होगा।

पदभार ग्रहण करने के बाद प्रांशु तिवारी ने निवर्तमान एसडीओपी अनूप लकड़ा को ससम्मान विदाई दी और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए अग्रिम बधाई दी।
इसके बाद एसडीओपी ने अपने कार्यालयीन स्टाफ से परिचय प्राप्त किया। तत्पश्चात पाटन अनुभाग के अंतर्गत आने वाले थाना पाटन, रानीतराई, जामगांव आर, अमलेश्वर, अंडा और मचांदूर के थाना प्रभारियों से परिचय लेकर संबंधित थाना क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग व्यवस्था की पूरी जानकारी ली।
एसडीओपी प्रांशु तिवारी के पदभार संभालते ही थाना प्रभारियों के साथ हुई बैठक को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






