गरियाबंद। जिले के पर्यटन स्थलों पर शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस लगातार विशेष वाहन चेकिंग अभियान चला रही है।
इसी अभियान के तहत यातायात पुलिस ने चिंगरापगार तिराहे के पास विशेष चेकिंग पॉइंट लगाया। यहां आने-जाने वाले वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से अल्कोहल जांच की गई। जांच के दौरान तीन मोटरसाइकिल चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।

पुलिस ने तीनों चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की। मौके पर उनके वाहनों को जब्त किया गया और आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के कारण न केवल उनकी अपनी जान खतरे में पड़ती है, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जिंदगी भी जोखिम में पड़ सकती है।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने लोगों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। पुलिस ने साफ किया है कि ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यानी पर्यटन स्थल पर घूमने का प्लान है तो सावधान रहिए—मस्ती कीजिए, लेकिन नशे में ड्राइविंग बिल्कुल मत कीजिए, वरना रास्ते में पुलिस की चेकिंग आपका पूरा प्लान बदल सकती है।









