पाटन। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में राज्य शासन द्वारा पांच एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) नियुक्त किए गए हैं। इनमें रामाधार साहू, सुनील शर्मा, भारती यादव, लक्ष्मी देवांगन एवं हीरालाल साहू को एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। नियुक्ति की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों में खुशी का माहौल है।
रामाधार साहू वर्ष 1998 से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने शक्ति केंद्र अमलेश्वर के सहप्रभारी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला दुर्ग के जिला मंत्री तथा वर्तमान में अमलेश्वर मंडल के स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। सामाजिक क्षेत्र में भी वे स्थानीय साहू समाज अमलेश्वर डीह के अध्यक्ष, तहसील साहू संघ पाटन के न्याय प्रकोष्ठ सदस्य, परिक्षेत्र साहू संघ उरला के उपाध्यक्ष तथा वर्तमान में परिक्षेत्र साहू संघ झीट के तहसील प्रतिनिधि के रूप में सक्रिय हैं।
नवनियुक्त एल्डरमैनों ने मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन विभाग तथा भाजपा के प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे नगर के विकास, जनहित के कार्यों और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
इन नियुक्तियों पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और जनसेवा की भावना से नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के विकास को नई गति मिलेगी।





