पाटन। खाद-बीज की उपलब्धता एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की मांग को लेकर लक्ष्मी सागर तालाब में जल सत्याग्रह पर बैठे किसानों और आवास हितग्राहियों ने प्रशासन के आश्वासन के बाद अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।
जन कल्याण समिति के संयोजक युगल किशोर आडील ने बताया कि जनपद पंचायत पाटन के सीईओ महेंद्र जांगड़े एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पुष्पा रामटेके ने आंदोलन स्थल पहुंचकर किसानों और हितग्राहियों से चर्चा की। अधिकारियों ने खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवास संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आश्वासन मिलने के बाद जल सत्याग्रह कर रहे किसान एवं आवास हितग्राही तालाब से बाहर आए। आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि निर्धारित समय में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे पुनः उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को बड़ी संख्या में किसान एवं आवास हितग्राही लक्ष्मी सागर तालाब में उतरकर जल सत्याग्रह कर रहे थे। आंदोलन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। लगभग दो घंटे से अधिक समय तक पानी में खड़े रहकर प्रदर्शन करने के बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप से आंदोलन समाप्त हुआ।