
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी मंडल जामगांव आर द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 11 अगस्त 2026, मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा का शुभारंभ सुबह 10 बजे ग्राम बटरेल से होगा और विभिन्न गांवों से होते हुए शाम 4 बजे किसान चौक, जामगांव आर में यात्रा का समापन किया जाएगा।
यात्रा के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं आम नागरिक शामिल होंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धर्मपत्नी सांसद दुर्ग लोकसभा रजनी बघेल, प्रदेश मंत्री भाजपा जितेन्द्र वर्मा एवं जिलाध्यक्ष भाजपा दुर्ग सुरेन्द्र कौशिक उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा पूर्व विधायक डॉ. दया राम साहू, पाटन विधानसभा प्रभारी राजीव अग्रवाल, महामंत्री जिला भाजपा दुर्ग दिलीप साहू, मंडल प्रभारी जामगांव आर हर्षा चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य कल्पना साहू, जनपद पंचायत पाटन अध्यक्ष कीर्ति नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
यह रहेगा तिरंगा यात्रा का मार्ग
यात्रा सुबह 10 बजे बटरेल से प्रारंभ होकर उमरपोटी, गातापार, बेल्हारी, अकतई, चारभाठा, ओदरागहन, निपानी, रानीतराई, औसर, डीघारी, करेला और भरर होते हुए किसान चौक, जामगांव आर पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान शहीद डोमेश्वर साहू जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं शहीद परिवारों का सम्मान भी किया जाएगा। रानीतराई में दोपहर भोजन अवकाश रखा गया है।
भाजपा मंडल जामगांव आर मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू एवं मंडल के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं देशभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, एकता और गौरव का उत्सव है।





