
पाटन।दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति के अध्यक्ष विजय बघेल की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने “दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM)” के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण, स्वयं सहायता समूह बैठकों एवं विभिन्न कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे, इसके लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्यक्रमों की पूर्व सूचना जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने एवं कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने का आग्रह किया।
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) के संबंध में उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ स्वरोजगार एवं बैंकिंग सहायता से मजबूत रूप से जोड़ने की दिशा में और प्रभावी कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के फॉलोअप एवं रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के संबंध में अध्यक्ष श्रीमती नायक ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, निर्माण गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने एवं पात्र परिवारों का पुनः सर्वे कर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण केंद्रों की जानकारी लेते हुए उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, समयावधि एवं युवाओं को रोजगार से जोड़ने की प्रगति की समीक्षा किए जाने की आवश्यकता बताई। साथ ही ग्रामवार प्रशिक्षण विवरण एवं हितग्राहियों की जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने बैठक में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन मिलकर समन्वित रूप से कार्य करें। उन्होंने क्षेत्र के विकास एवं आम जनता की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
बैठक में प्रमुख रूप से कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्ग बजरंग दुबे सहित समस्त विभागों के प्रमुख अधिकारीगण उपस्थित रहे।


