भिलाई। घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की गला घोंटकर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को आमा कुआ चौक, पुरैना क्षेत्र में आरोपी मिथलेश यादव (22 वर्ष) ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। विवाद के बाद पीड़िता कुछ समय के लिए मायके चली गई थी, लेकिन आरोपी उसे वापस घर ले आया। इसके बाद दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसमें आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया। घटना में पीड़िता बेहोश हो गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 351/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश कर 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
घटना में प्रयुक्त एक गमछा पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुरानी भिलाई पुलिस ने कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और घरेलू अपराधों के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी मामले की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।





