पाटन। ग्राम पंचायत झीट में आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण ढंग से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राप्त सर्वे सूची पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत झीट को सर्वेक्षण के आधार पर 636 हितग्राहियों की सूची प्राप्त हुई है। सरपंच रूपेंद्र(राजू) साहू ने बतलाया कि ग्राम सभा में निर्णय लिया गया कि सूची में शामिल लोगों की पात्रता एवं अपात्रता का नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा तथा ग्राम सभा की सहमति के आधार पर पात्र एवं अपात्र हितग्राहियों की सूची संबंधित विभाग को भेजी जाएगी।
ग्राम सभा में ग्रामीणों ने योजनाओं के पारदर्शी एवं निष्पक्ष क्रियान्वयन पर जोर देते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।





