पाटन। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने छापा मारते हुए भाजपा और कांग्रेस से जुड़े नेताओं सहित 16 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹3 लाख 59 हजार 470 रुपये नगद, 22 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल एवं 3 चारपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 25 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 मार्च को सूचना मिली थी कि कृष्णा वाटिका रिसॉर्ट में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद अमलेश्वर थाना पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।
पुलिस की दबिश के दौरान 16 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित निर्मलकर (43) निवासी रावतपुरा कॉलोनी रायपुर, नरेश सोनकर (29) निवासी पाठागांव रायपुर, प्रमोद वर्मा (34) निवासी सत्यम विहार रायपुर, मुकेश कुमार धीमर (28) निवासी गुरुवार बाजार चौक दुर्ग, संजू सोनकर (30) निवासी ग्राम खुडमुड़ा दुर्ग, नारायण टंडन (24) निवासी मगरघटा दुर्ग, डिजेन्द्र निर्मलकर (30) निवासी बस्तीपारा कुथरेल दुर्ग, पुनीत राम साहू (46) निवासी अमलेश्वर दुर्ग, विनोद अमरदास (35) निवासी मगरघटा दुर्ग, शुभम चंद्राकर (30) निवासी सत्यम विहार रायपुर, गोपाल सोनकर उर्फ गोपी (52) निवासी पाठागांव रायपुर, मनीष साहू उर्फ गुड्डू (30) निवासी अमलेश्वर दुर्ग, सोनू साहू उर्फ दुर्गेश (29) निवासी अमलेश्वर दुर्ग, सत्यनारायण साहू (42) निवासी ग्राम खुडमुड़ा दुर्ग, संजय साहू (32) निवासी सत्यम विहार कॉलोनी रायपुर एवं महेंद्र साहू (46) निवासी अमलेश्वर दुर्ग शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके।

