बिलासपुर। CG NEWS : रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बांसाझाल मेन रोड पर गुरुवार को तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान साहिल सिंह ठाकुर (निवासी किरारी, थाना मस्तूरी) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार साहिल 1 अक्टूबर की सुबह अपनी मोटरसाइकिल से ससुराल मरवाही जाने के लिए निकला था। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे ग्राम बांसाझाल के पास बस क्रमांक CG10CE2453 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में साहिल के सिर में गंभीर चोट आई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के साले पवन सिंह ठाकुर, निवासी पौंसरा, थाना कोनी, मौके पर पहुंचे। उन्होंने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस चालक के खिलाफ धारा 184 मोटर वाहन अधिनियम और धारा 105 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। हादसे में युवक की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।







