अहमदाबाद। ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) की वार्षिक आमसभा (AGM) अहमदाबाद में आयोजित हुई। बैठक में देशभर के विभिन्न राज्य टेनिस संघों के अध्यक्ष और सचिव शामिल हुए। AGM में भारतीय टेनिस के विकास, खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन को बेहतर बनाने, प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में छत्तीसगढ़ स्टेट टेनिस एसोसिएशन (CSTA) के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने भारतीय टेनिस के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर भारत की पदक तालिका में टेनिस खिलाड़ियों का योगदान बढ़ाने के लिए खिलाड़ियों की प्रशिक्षण व्यवस्था, तैयारी और सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
हिमांशु द्विवेदी ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर कोचिंग, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। खिलाड़ियों को कम उम्र से ही बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए तैयार करने पर जोर दिया जाना चाहिए, ताकि भारतीय टेनिस खिलाड़ी देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीत सकें।
उनके सुझावों पर AGM में मौजूद विभिन्न राज्य संघों के पदाधिकारियों ने चर्चा की। बैठक में भारतीय टेनिस के विकास के लिए राज्यों और राष्ट्रीय स्तर पर मिलकर काम करने तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

AITA चुनाव को लेकर भी हुई चर्चा
AGM के दौरान आगामी AITA चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। 27 नवंबर 2026 को होने वाले चुनाव में छत्तीसगढ़ स्टेट टेनिस एसोसिएशन के वर्तमान सचिव गुरूचरण सिंह होरा ने AITA के Secretary General (महासचिव) पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। वहीं, President पद के लिए रोहित राजपाल, चिंतन पारिख और लिएंडर पेस के नाम सामने आए हैं। आगामी AITA चुनाव मुंबई में आयोजित किए जाएंगे।
गुरूचरण सिंह होरा ने कहा कि भारतीय टेनिस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी राज्य संघों और AITA को मिलकर काम करने की जरूरत है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि संगठनात्मक स्तर पर ठोस प्रयास किए जाएं तो भारतीय टेनिस खिलाड़ी विश्व स्तर पर देश का गौरव बढ़ा सकते हैं। AITA के महासचिव पद के लिए अपनी दावेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि वे भारतीय टेनिस के विकास और खिलाड़ियों के हित में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने के लिए तैयार हैं।
श्री होरा ने CSTA अध्यक्ष हिमांशु द्विवेदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में टेनिस को नई दिशा और मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि हिमांशु द्विवेदी का खिलाड़ियों के विकास, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं और टेनिस के विस्तार को लेकर स्पष्ट विजन है। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ टेनिस एसोसिएशन लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलेंगे।
AGM में भारतीय टेनिस के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी माहौल तैयार करने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। अहमदाबाद में हुई इस बैठक को भारतीय टेनिस के आगामी रोडमैप और संगठनात्मक चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।











