रायपुर। RAIPUR NEWS : रायपुर की परंपरागत एवं लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक गणेश उत्सव एवं भव्य गणेश विसर्जन झांकी शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। गणेश स्थापना से लेकर विसर्जन तक लगभग 15 दिनों के दौरान कोई बड़ी वारदात नहीं हुई तथा विसर्जन झांकी भी बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में गणेश विसर्जन झांकी में लगभग 20 प्रतिशत अधिक झांकियां शामिल हुईं। पिछले वर्ष जहां 62 झांकियां निकली थीं, वहीं इस वर्ष 74 झांकियां विसर्जन के लिए निकलीं। इसके साथ ही इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या भी पिछले वर्ष की तुलना में कहीं अधिक रही। विसर्जन झांकी में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है।

लगभग दो माह पूर्व से शुरू हुई थी तैयारी
रायपुर में गणेश स्थापना एवं विसर्जन की परंपरा, विरासत एवं श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नर एवं पुलिस टीम द्वारा लगभग दो माह पूर्व से ही व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई थीं।
पुलिस द्वारा थाना स्तर पर आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई। अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, NDPS एक्ट, प्रतिबंधात्मक धाराओं एवं वारंट तामीली के तहत बड़ी संख्या में प्रभावी कार्रवाई की गई तथा सैकड़ों व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया।

प्रतिदिन 700–800 पुलिस अधिकारी एवं जवान रहे तैनात
पूरे गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रतिदिन लगभग 700 से 800 पुलिस अधिकारी एवं जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे।
प्रमुख चौक-चौराहों, गणेश पंडालों, झांकी मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई तथा लगातार फील्ड पेट्रोलिंग एवं निगरानी की गई।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस की विशेष तैयारी
इस वर्ष झांकियों की संख्या एवं श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि को देखते हुए कमिश्नरेट की यातायात पुलिस द्वारा भी विशेष तैयारी की गई थी।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ तथा आम नागरिकों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर यातायात का विशेष प्रबंधन किया गया। आवश्यकतानुसार डायवर्जन, बैरिकेडिंग एवं अतिरिक्त यातायात बल की तैनाती की गई।
यातायात व्यवस्था के साथ-साथ अपराध निवारण में भी यातायात पुलिस द्वारा विशेष भूमिका निभाई गई। चेकिंग एवं निगरानी के दौरान 15 से अधिक चोरी के वाहन बरामद किए ,कई संदिग्ध व्यक्तियों को चाकू एवं अन्य आपत्तिजनक सामान के साथ पकड़ा गया तथा संबंधित थानों को सुपुर्द कर उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कराई गई।
विसर्जन झांकी के दिन विशेष सुरक्षा व्यवस्था
विसर्जन झांकी के दिन सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया। 50 से अधिक राजपत्रित पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवानों को विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वयं फील्ड में रहकर कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की गई।
विसर्जन झांकी के दौरान संदिग्धों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर, बड़ी संख्या में कार्रवाई
विसर्जन झांकी के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं आदतन अपराधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए लगातार कार्रवाई की गई।
विसर्जन झांकी के दिन पुलिस द्वारा 22 से अधिक चाकू एवं 4 कैंची , और पंच आदि वस्तुएं बरामद की गईं, जिनके संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसके अतिरिक्त लगभग 400 किलोग्राम ( लगभग 6000 ) से अधिक कड़ा बरामद किया गया। वहीं कई व्यक्तियों को शराब की छोटी बोतलों के साथ पकड़ा गया।
विसर्जन झांकी के दौरान 50 से अधिक व्यक्तियों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके अलावा पुलिस द्वारा मोबाइल चोरी एवं पॉकेटमारी की घटनाओं में संलिप्त कुछ आरोपियों को भी पकड़ा गया।
संदिग्धों एवं आदतन अपराधियों पर विशेष नजर
गणेश उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को रोकने के उद्देश्य से DCP क्राइम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच (ACCU)के साथ लगभग 200 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम तैनात की गई थी।
इस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई तथा आवश्यकतानुसार तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई।
ड्रोन, ITMS एवं CCTV सहित आधुनिक तकनीक का किया गया उपयोग
गणेश उत्सव एवं विसर्जन झांकी के दौरान ड्रोन, ITMS, CCTV कैमरों एवं अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था की निगरानी तथा अपराध निवारण के लिए किया गया।
प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर तकनीकी माध्यमों से लगातार निगरानी रखी गई। भीड़ की स्थिति, यातायात के दबाव तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार पुलिस बल एवं यातायात व्यवस्था को तत्काल व्यवस्थित किया गया।
व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का रहा सकारात्मक परिणाम
गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में गणेश समितियों द्वारा आयोजन, पिछले वर्ष की तुलना में अधिक झांकियों तथा 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के बावजूद रायपुर पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाला गया।
गणेश स्थापना समितियों , जनप्रतिनिधियों , आम जन और मीडिया के साथियों का रहा पुलिस को पूर्ण समर्थन और सहयोग
इस पूरे आयोजन में पुलिस की अपील और अनुरोध को सभी समितियों द्वारा सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए सहयोग किया गया , इसके अलावा जनप्रतिनिधियों, मीडिया के साथियों और आम जन ने पुलिस के सभी प्रयासों का पूर्णतः सहयोग और समर्थन किया
पूर्व नियोजित सुरक्षा व्यवस्था, अपराधियों पर लगातार निगरानी, प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, संदिग्धों पर विशेष नजर, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, आधुनिक तकनीक के उपयोग एवं यातायात पुलिस के विशेष प्रबंधन और जन सहयोग के परिणामस्वरूप गणेश स्थापना से लेकर विसर्जन तक कोई बड़ी वारदात नहीं हुई और गणेश विसर्जन झांकी बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।







