रतनपुर। CG NEWS: रतनपुर के मेला भाटा सब्जी मंडी के पास बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात भीषण आगजनी से हड़कंप मच गया। देर रात अचानक लगी आग ने देखते ही देखते तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखा पान सामग्री, डेली नीड्स समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन रतनपुर का दमकल वाहन खराब होने के कारण बिलासपुर से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी।
मेला भाटा सब्जी मंडी के पास रात करीब 11 से 12 बजे के बीच दुकानों से अचानक आग की लपटें उठती देख राहगीरों ने रतनपुर पुलिस को सूचना दी। भेड़ीमुड़ा निवासी दुर्गा कश्यप यहां पान और डेली नीड्स की दुकान संचालित कर अपने परिवार का जीवन-यापन करते थे। रोज की तरह रात में दुकान बंद कर वह घर चले गए थे।

इसी दौरान दुकान में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि रतनपुर का दमकल वाहन खराब होने के कारण बिलासपुर से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। दमकल के पहुंचने तक आग मुख्य दुकान के साथ पीछे स्थित दो अन्य दुकानों तक फैल चुकी थी। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया।
आगजनी में दुकानों में रखा पान सामग्री, डेली नीड्स और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। फिलहाल आग किन कारणों से लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। रतनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।






