टिकेंद्र वर्मा @रानीतराई। तेलीगुंडरा में करीब 100 मवेशियों के 20 घंटे से बारिश और भूख-प्यास के बीच फंसे होने की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। खबर का असर होते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शुरू किया।
मवेशियों की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए एसडीएम उत्तम ध्रुव के निर्देश पर सभी मवेशियों को सुरक्षित गौशाला भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों और किसानों ने राहत की सांस ली है।

गौरतलब है कि तेलीगुंडरा में बड़ी संख्या में मवेशियों के खुले में रहने और लगातार बारिश के चलते उनकी स्थिति गंभीर होने की खबर सामने आई थी। किसानों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की थी।

अब प्रशासन द्वारा कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद मवेशियों को एक-एक कर सुरक्षित गौशाला पहुंचाया जा रहा है। पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहकर बीमार और कमजोर मवेशियों का उपचार भी कर रही है।





