भानुप्रतापपुर। CG NEWS : भानुप्रतापपुर ICICI बैंक के सामने उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे रखे जनरेटर से जा टकराई। टक्कर के बाद जनरेटर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आग की लपटें बढ़ रही थीं और घटनास्थल के ठीक बाजू में पेट्रोल पंप होने से खतरा और बढ़ गया था। ऐसे में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने स्थिति को गंभीर होने से पहले संभाल लिया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज और SDOP शेर बहादुर सिंह ठाकुर तत्काल मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए थाना प्रभारी ने खुद आगे बढ़कर आग बुझाने का मोर्चा संभाला, वहीं SDOP ने मौके पर मौजूद पुलिस टीम के साथ स्थिति को नियंत्रित कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। पुलिस अधिकारियों की तत्परता और मौके पर त्वरित कार्रवाई से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। पेट्रोल पंप तक आग पहुंचने से पहले ही स्थिति नियंत्रण में आ गई और एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
घटना के बाद कार चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







