रायपुर। CG NEWS : युवा कार्यक्रम एव खेल मंत्रायल राष्ट्रीय सेवा योजना, गुरुकुल महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी, रायपुर द्वारा “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से 100 वीक नशा मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय संकल्प समारोह, यूथ प्लेज एवं सिग्नेचर कैंपेन का शुभारंभ किया गया।


यह अभियान सितंबर से दिसंबर तक 12 सप्ताह अर्थात लगभग 3 माह तक विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान की गतिविधियों में “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गौरव”, “फिट युवा – नशा मुक्ति की ओर” तथा “जीवन कौशल” जैसे विभिन्न विषयों को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. वर्णिका शर्मा, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से बचाने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की सामूहिक भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, स्वस्थ आदतों एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि स्नेहल साहू, असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस, रायपुर ने युवाओं को नशे के सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया तथा कानून, जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
वहीं टी.के. भोई, यातायात प्रशिक्षक, रायपुर पुलिस ने यातायात सुरक्षा , जिम्मेदार नागरिक व्यवहार एवं नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा दोनों ही युवाओं की सुरक्षित एवं जिम्मेदार भविष्य से जुड़े विषय हैं कहा और संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने युवाओं से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में आयोजित “युवा संवाद” विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। राष्ट्रीय सेवा योजन Achievement Awardee एवं यूथ आइकॉन राकेश कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। यूथ आइकॉन प्रगति शर्मा ने भी युवाओं के साथ संवाद करते हुए आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने नशामुक्त जीवन का संकल्प लिया तथा यूथ प्लेज एवं सिग्नेचर कैंपेन में सहभागिता की। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में नशे के विरुद्ध जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ, सक्षम, जिम्मेदार एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय नागरिक के रूप में विकसित करना है।
कार्यक्रम का संचालन व आयोजन डॉ रात्रि लहरी, राष्ट्रीय सेवा योजन जिला संगठक ने की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, NSS स्वयंसेवक, विद्यार्थी एवं संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त समाज एवं स्वस्थ भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।







