पाटन। पाटन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कुर्मी गुंडरा निवासी एवं भिलाई इस्पात संयंत्र से सेवानिवृत्त भागवत प्रसाद आडिल का लगभग 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से परिवार, समाज एवं परिचितों में शोक की लहर है। उनका दशगात्र कार्यक्रम 19 सितंबर, शनिवार को उनके गृह ग्राम कुर्मी गुंडरा में संपन्न होगा।
भागवत प्रसाद आडिल, पंकज आडिल, शकुन आडिल, राजेश्वरी आडिल, तेजस्वी आडिल एवं उपकारिका आडिल के पिता तथा पाटन राज प्रधान कुर्मी समाज के राज प्रधान युगल किशोर आडिल के बड़े पिताजी थे।
दिवंगत भागवत प्रसाद आडिल की स्मृतियों को जीवंत रखने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से आडिल परिवार द्वारा पीपल एवं कदम के पौधों का रोपण किया गया। परिवार की ओर से किए गए इस पहल को दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम बताया गया।
इस अवसर पर राज प्रधान युगल किशोर आडिल ने कहा कि श्री भागवत प्रसाद आडिल ने अपने जीवनकाल में परिवार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने बच्चों के साथ-साथ अपने भाई के बच्चों को भी अपने पास रखकर उनकी उच्च शिक्षा दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऐसे व्यक्तित्व का हमारे बीच से चले जाना निश्चित रूप से अत्यंत पीड़ादायक है।
उन्होंने कहा कि भागवत प्रसाद आडिल ने परिवार के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जो संस्कार और मार्गदर्शन दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके द्वारा किए गए कार्यों और आदर्शों को जीवन में अपनाकर आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।






