भिलाई 3। CG NEWS : लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उनके घर के पास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए गए हमर क्लिनिक की तस्वीर सामने आई है, लेकिन भवन तैयार होने के बावजूद अब तक इसके शुरू होने का इंतजार है। भिलाई-चरोदा क्षेत्र के विश्व बैंक कॉलोनी में बना यह हमर क्लिनिक लंबे समय से तैयार नजर आ रहा है, लेकिन लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग इस ओर जल्द ध्यान दे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर हमर क्लिनिक का संचालन शुरू किया जाए।
तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि हमर क्लिनिक का भवन पूरी तरह तैयार है। भवन के बाहर हमर क्लिनिक और विश्व बैंक कॉलोनी का बोर्ड भी लगा हुआ है। लेकिन क्लिनिक के शुरू नहीं होने से आसपास के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह क्लिनिक जल्द शुरू हो जाए तो आसपास के रहवासियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके क्षेत्र में ही मिल सकेंगी। लोगों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि हमर क्लिनिक को जल्द शुरू कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि तैयार भवन का उपयोग हो सके और आम जनता को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल पाए।







