जयपुर। Murder Case: राजस्थान की राजधानी जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल झा को पुलिस ने रिंगस से हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल जयपुर से भागकर खाटूश्यामजी पहुंचा था। वहां मंदिर में दर्शन करने के बाद वह एक होटल में ठहरा, लेकिन पैसे खत्म होने पर उसकी मुश्किलें बढ़ गईं। आखिरकार अंगूठी बेचने की कोशिश के दौरान मिले इनपुट के बाद पुलिस ने उसे रिंगस से पकड़ लिया।
आरोपी राहुल पर पत्नी गीता झा और तीन बेटियों नंदिनी (23), राधिका (18) और गौरी (14) की हत्या का आरोप है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

हत्या के बाद खाटूश्यामजी पहुंचा राहुल
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, हत्याकांड के बाद राहुल जयपुर से फरार होकर खाटूश्यामजी पहुंचा। यहां उसने मंदिर में दर्शन किए और इसके बाद एक होटल में ठहर गया। कुछ समय बाद उसके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए।
पैसों की जरूरत पड़ने पर राहुल ने होटल संचालक को अपनी अंगूठी देने के बदले रुपये मांगे। हालांकि, होटल संचालक ने अंगूठी लेने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि राहुल ने अंगूठी के बदले सिर्फ 500 रुपये देने की बात भी कही, लेकिन होटल संचालक इसके लिए भी तैयार नहीं हुआ।
इसके बाद राहुल होटल से निकल गया और रिंगस की तरफ पहुंचा।
अंगूठी बेचने की कोशिश से मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान राहुल के रिंगस में होने की जानकारी सीएसटी को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और रिंगस पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
राहुल की तलाश में जुटी पुलिस के लिए यह अहम सफलता मानी जा रही है। फिलहाल उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और हत्या के बाद उसके जयपुर से निकलने, खाटूश्यामजी पहुंचने और फिर रिंगस तक आने की पूरी कड़ी को खंगाला जा रहा है।
पूछताछ में कर्ज की बात आई सामने
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में राहुल के कर्ज में डूबे होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर कर्ज या किसी अन्य वजह से उसने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।
पूछताछ में जब उससे हत्या की वजह के बारे में सवाल किया गया तो वह कथित तौर पर स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। उसने कहा, ‘कैसे हुआ, मुझे नहीं पता।’ पुलिस अब उसके बयान और घटनाक्रम के बीच की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है।
पुलिस की कई टीमों ने मिलकर की कार्रवाई
आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर की गई। स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश की निगरानी और डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण की मॉनिटरिंग में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इस कार्रवाई में टीम वेस्ट का भी सहयोग रहा।
क्या है पूरा मामला?
जयपुर के करधनी इलाके में राहुल झा पर अपनी पत्नी गीता झा और तीन बेटियों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, वारदात गुरुवार देर रात से शुक्रवार तड़के के बीच हुई। उस वक्त चारों घर में सो रही थीं।
आरोप है कि राहुल ने पत्थर से पत्नी और बेटियों के सिर व चेहरे पर वार किए। गीता का शव पहली मंजिल के कमरे में मिला, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों से बरामद हुए। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद किया है।
हत्या के बाद भी निभाता रहा सामान्य दिनचर्या
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि कथित हत्याकांड के बाद राहुल ने कुछ समय तक घर में सामान्य दिनचर्या निभाई। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे उसने दूध लिया और अपने पिता लक्ष्मीनाथ के लिए चाय बनाकर उन्हें पिलाई। इसके बाद वह घर से फरार हो गया।
करीब 10 बजे पुलिस को घर में चार लोगों की हत्या की सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक, राहुल शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और कुछ दिन पहले ही गुजरात से वापस आया था। घटना से करीब तीन दिन पहले उसने पड़ोस की एक महिला से 25 हजार रुपये उधार भी लिए थे।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अब जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर राहुल ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या क्यों की और इस खौफनाक वारदात के पीछे असली वजह क्या थी। पुलिस पूछताछ के बाद मामले में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।






