सेलूद। तांदुला नहर में बह गए 15 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव का शव आखिरकार बरामद कर लिया गया है। शनिवार को नहर में बहने के बाद से ही पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय लोगों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी।
बताया गया कि शिवम यादव रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र से कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होने सेलूद पहुंचा था। प्रतियोगिता के दौरान हाथ-पैर धोने के लिए तांदुला नहर के किनारे गया था, इसी दौरान तेज बहाव में उसका पैर फिसल गया और वह पानी में बह गया।
घटना के बाद साथियों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धार के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद लगातार नहर में तलाश अभियान चलाया गया।
रविवार सुबह घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर शिवम का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।





