खैरागढ़। CG NEWS: आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों के अनुसार, दूसरे गांवों के ग्रामीणों द्वारा सैकड़ों मवेशियों को पिपरिया क्षेत्र में लाकर छोड़ दिया गया था। ये मवेशी खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे। समस्या के समाधान को लेकर वार्ड क्रमांक 1 व 2 पिपरिया सहित आसपास के आठ गांवों के ग्रामीणों ने बीते माह कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उचित प्रबंधन की मांग की थी।
करीब एक माह बाद भी अपेक्षित पहल नहीं होने पर पिपरिया के वार्डवासियों ने बैठक कर मवेशियों को खैरागढ़ लाकर छोड़ने का निर्णय लिया। इसके बाद सैकड़ों मवेशियों को नया बस स्टैंड परिसर में छोड़ दिया गया। वार्डवासियों का कहना है कि मवेशियों के कारण फसलों को बचाना मुश्किल हो रहा है। वहीं नगर में पहुंचने के बाद ये मवेशी सड़कों पर बैठते हैं।

जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ हादसों का खतरा भी बना रहता है। पूर्व में मवेशियों के कारण लोगों और मवेशियों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। कलेक्टर के निर्देशों के बावजूद उचित प्रबंधन को लेकर प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता बनी हुई है।






