बिलासपुर। CG News: छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने बिजली उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड को अपडेट और प्रमाणिक बनाने के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया शुरू कर दी है। बिलासपुर विद्युत रीजन के बिलासपुर, जीपीएम, मुंगेली और कोरबा जिले में 8 लाख 57 हजार 800 से ज्यादा निम्नदाब बिजली कनेक्शनों का सत्यापन किया जाएगा। खास बात यह है कि ई-केवाईसी पूरी तरह निःशुल्क होगी और उपभोक्ता इसे खुद भी ऑनलाइन कर सकेंगे।
ई-केवाईसी के जरिए बिजली कनेक्शन के नाम और उसे वर्तमान में इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की पहचान का सत्यापन किया जाएगा। उपभोक्ताओं के लिए तीन विकल्प रखे गए हैं—मोर बिजली मोबाइल ऐप से खुद ऑनलाइन ई-केवाईसी, नजदीकी वितरण केंद्र या जोन कार्यालय में अधिकृत कर्मचारियों के जरिए सत्यापन और मीटर रीडर के घर पहुंचकर मोबाइल ऐप से ई-केवाईसी करने की सुविधा।

पहचान का सत्यापन आधार ऑथेंटिकेशन के जरिए ओटीपी, फिंगरप्रिंट या फेस ऑथेंटिकेशन से हो सकेगा। अगर बिजली कनेक्शन और आधार कार्ड में नाम अलग है, तो पहले कनेक्शन में नाम सुधार कराना होगा। कंपनी ने साफ किया है कि ई-केवाईसी के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इसलिए उपभोक्ता किसी अनधिकृत व्यक्ति को पैसे न दें और संदिग्ध लिंक से बचें। कंपनी के मुताबिक इस प्रक्रिया से रिकॉर्ड अपडेट होने के साथ मृत उपभोक्ताओं के नाम पर चल रहे कनेक्शन, अनधिकृत उपयोग और अवैध कनेक्शनों की पहचान में भी मदद मिलेगी।









