कांकेर। CG NEWS: शहर के मांझापारा वार्ड में उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 12 फीट लंबा अजगर वन विभाग की टीम के हाथ लगा। बताया जा रहा है कि यह अजगर पिछले करीब चार महीने से वार्ड में मौजूद था और झील-झाड़ियों के सहारे आसपास के इलाके में विचरण कर रहा था।
अजगर की मौजूदगी से वार्डवासी लंबे समय से दहशत में थे। लोगों की नजर अक्सर झाड़ियों और आसपास के इलाकों में अजगर पर पड़ जाती थी, जिसके चलते खासकर शाम और रात के समय लोगों में डर का माहौल बना रहता था।

मामले की सूचना वन विभाग को मिलने के बाद टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई। देर शाम वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 12 फीट लंबे अजगर का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर को अपने कब्जे में लिया।
अजगर के रेस्क्यू होने के बाद मांझापारा वार्ड के लोगों ने राहत की सांस ली। करीब चार महीने से बनी दहशत अब खत्म हुई है। वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की। मामला कांकेर वन परिक्षेत्र का है।







