रायपुर। CG NEWS : छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू H1N1 का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 10 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या 105 से बढ़कर 115 हो गई है, जबकि एक्टिव मरीजों का आंकड़ा भी 18 से बढ़कर 28 पहुंच गया है।
स्वाइन फ्लू का संक्रमण अब नए इलाकों में भी पैर पसार रहा है। बालोदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और उत्तर बस्तर कांकेर जैसे जिलों में भी संक्रमण के मामले सामने आए हैं। नए मामलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

राजधानी रायपुर में 3 नए मरीज मिलने के साथ ही जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 51 से बढ़कर 54 हो गया है। सक्रिय मरीज 6 से बढ़कर 9 हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से खुद से दवा न लेने और लक्षण दिखने पर जांच कराने की अपील की है। दुर्ग जिले में 3 नए मरीज सामने आए हैं। जिले में कुल मरीजों की संख्या 13 हो गई है, जिनमें से 4 डिस्चार्ज हो चुके हैं। 2 मरीज होम आइसोलेशन में हैं, 7 मरीज रायपुर के एम्स, एनएचएमएमआई, रामकृष्ण केयर और भिलाई के हाईटेक व बीएम शाह अस्पताल में भर्ती हैं।
बिलासपुर में 13 एक्टिव मरीज
बिलासपुर में स्वाइन फ्लू के कुल मामले बढ़कर 13 हो गए हैं। इनमें 3 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और 11 मरीजों का उपचार अपोलो अस्पताल में चल रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सिम्स में 8 बिस्तरों का आइसोलेशन वार्ड और वेंटिलेटर तैयार कर डॉक्टरों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।










