गरियाबंद। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को गरियाबंद शहर सहित पूरे जिले में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की।
रक्षाबंधन को लेकर शहर के पुराना मंगल बाजार सहित प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर भी खासा उत्साह देखने को मिला। राखी, मिठाई और पूजा सामग्री की दुकानों पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। रंग-बिरंगी राखियों से सजी दुकानों ने बाजार की रौनक बढ़ा दी। बहनों ने भाइयों के लिए पसंदीदा राखियां खरीदीं, वहीं मिठाई की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ नजर आई।

पर्व के चलते शहर में सुबह से ही चहल-पहल बनी रही। दूर-दराज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग खरीदारी के लिए गरियाबंद पहुंचे। कई परिवारों में बहनें अपने भाइयों के घर पहुंचीं, जबकि कुछ भाई अपनी बहनों से राखी बंधवाने उनके घर पहुंचे।
राखी बांधने के बाद भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट किए और हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का वादा किया। पूरे शहर में दिनभर भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता की तस्वीरें देखने को मिलीं। रक्षाबंधन ने एक बार फिर परिवार और रिश्तों में प्रेम एवं विश्वास की डोर को मजबूत किया।






