राजिम। CG NEWS: धर्मनगरी राजिम के प्रवेश द्वार पर स्थित राजिम पुल पिछले करीब 15 दिनों से अंधेरे में डूबा हुआ है। पुल पर लगी स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण रात के समय यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह पुल रायपुर और गरियाबंद जिले को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पुल पर रात होते ही अंधेरा छा जाता है। वहीं पुल के कई हिस्सों में छोटे-बड़े गड्ढे भी मौजूद हैं। ऐसे में अंधेरे के बीच गड्ढों का दिखाई नहीं देना वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकता है।

पुल पर बढ़ा हादसे का खतरा
राजिम पुल से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। लाइट बंद होने के कारण पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
जिम्मेदारों की नजर के बावजूद नहीं हुआ समाधान
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी इस मार्ग से नियमित आना-जाना होता है। इसके बावजूद पिछले करीब 15 दिनों से बंद पड़ी लाइटों को अब तक ठीक नहीं कराया गया है।
लोगों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द से जल्द पुल की स्ट्रीट लाइटें चालू कराने तथा सड़क पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि रात में आवागमन सुरक्षित हो सके।








