आरंग/मंदिर हसौद। CG NEWS: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदिर हसौद पुलिस ने ग्राम खुटेरी तिराहा के पास कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली Nitrazepam Tablets IP Nitrosun 10 की 148 नग टैबलेट जब्त की हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नशीली गोलियों के अलावा बिक्री से प्राप्त रकम भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खुटेरी तिराहा के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद मंदिर हसौद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद अहदाब खान (30), पिता मोहम्मद नईम खान, निवासी ग्राम खुटेरी, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी की जींस की जेब से 15 पत्तों में कुल 148 नग प्रतिबंधित Nitrazepam Tablets IP Nitrosun 10 बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक, इनमें 13 पत्तों में 10-10 टैबलेट तथा 2 पत्तों में 9-9 टैबलेट थीं। पुलिस ने मौके पर ड्रग्स अधिकारी की मौजूदगी में टैबलेट की जांच कराई तथा इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने के बाद जब्ती की कार्रवाई की।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 21(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मामले की विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा नशीली दवाओं के स्रोत और इनके अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।








