गरियाबंद। ईद मिलाद-उन-नबी के पावन अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत मुस्लिम समुदाय के बीच पहुंचकर डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया। थाना मैनपुर और पाण्डुका पुलिस की टीम ने नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड, वित्तीय धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि बैंकिंग जानकारी, एटीएम पिन, पासवर्ड और यूपीआई पिन किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध कॉल, लॉटरी या इनाम के झांसे में आकर ओटीपी बताने से बचें। व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर आने वाले अनजान लिंक या एपीके फाइलों पर क्लिक न करने की भी सलाह दी गई।

पुलिस ने कहा कि डराने-धमकाने वाले फर्जी कॉल आने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। गरियाबंद पुलिस ने नागरिकों से साइबर जागृति अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की।









