--विज्ञापन यहां--

CG NEWS: यातायात थाना पहुंचकर आईजी ने परखी व्यवस्था,

By NS
On: August 25, 2026 9:42 AM
हमें फॉलो करें:
--विज्ञापन यहां--


बिलासपुर। CG NEWS: शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने सोमवार को यातायात थाना बिलासपुर का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक लेकर यातायात व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों, ट्रैफिक जाम वाले हॉटस्पॉट, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गईं।

इस दरमियान प्रेजेंटेशन के माध्यम से यातायात व्यवस्था और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी। आईजी गर्ग ने एक जनवरी 2026 से अब तक ITMS के जरिए काटे गए चालानों और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में दोपहिया वाहन चालकों की मौत का बड़ा कारण सिर में गंभीर चोट होना है, इसलिए जिलेभर में हेलमेट जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जाए।

– Advertisement –

Ad image

सड़क सुरक्षा के लिए 4-E मॉडल यानी ट्रैफिक इंजीनियरिंग, एजुकेशन, एनफोर्समेंट और इमरजेंसी सर्विस को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया। नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक लगाने के लिए स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, मॉल और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष चेकिंग करने की बात कही गई। हाईवे पर खतरनाक तरीके से खड़े ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट का दोबारा रिव्यू और ट्रैफिक हॉटस्पॉट पर जाम कम करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

बैठक में आवारा मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। यातायात विभाग के अनुसार नेहरू चौक से हाईकोर्ट और भोजपुरी मार्ग तक मवेशी बाहुल्य क्षेत्रों में 10 हजार से अधिक मवेशियों को रेडियम रिफ्लेक्टिव बैंड लगाए जा चुके हैं, जबकि सड़कों पर 61 ‘कैटल ऑन रोड’ बोर्ड लगाए गए हैं। बेलमुंडी और रतनपुर में शेल्टर तथा हेल्पलाइन की व्यवस्था भी संचालित है। आईजी ने इस अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

इसके अलावा शासन से स्वीकृत सरकंडा, तिफरा और लिंक रोड के तीन नए यातायात थानों को जल्द शुरू करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। प्रमुख चौराहों पर जवानों की तैनाती के लिए व्यावहारिक ड्यूटी रोस्टर तैयार करने और अधिकारियों व टैंगो टीमों के बीच बेहतर कार्य-विभाजन पर भी चर्चा हुई। आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि शहर में सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल को लेकर जागरूकता के साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment