गाजीपुर पुलिस ने बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहे 2 बदमाश दबोचे, बाल अपचारी भी संरक्षण में

NFA@0298
2 Min Read



लखनऊ। गाजीपुर थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और 6 सुतली बम बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को सेक्टर-14 पावर हाउस के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को मौके पर पकड़ लिया।

पूछताछ में मोटरसाइकिल चला रहे युवक ने अपना नाम तफहीम निवासी बाराबंकी बताया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। दूसरे आरोपी बृजेश के पास से 6 सुतली बम बरामद किए गए। वहीं तीसरे बाल अपचारी के पास से एक जिंदा कारतूस मिला, जिसे नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि बिना नंबर प्लेट की टीवीएस राइडर बाइक के कोई वैध कागजात न मिलने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।

बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जनपदों से जुटाई जा रही है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment