
Contents
- शहनूर अली
- निघासन-खीरी,13 अप्रैल(तरुणमित्र)। रकेहटी कस्बे के प्राचीन बुढ़वा बाबा मंदिर प्रांगण में श्री खाटूश्याम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत सोमवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। कलश यात्रा रकेहटी कस्बे में भ्रमण करते हुए निघासन से होकर सिंगाही रोड स्थित पवित्र सरयू नदी तट पहुंची। यहां महिलाओं ने विधि-विधान से कलश में जल भरा। इसके बाद श्रद्धालु पुनः मंदिर प्रांगण पहुंचे, जहां मंडप प्रवेश की रस्म विधिवत संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में लक्ष्मीचंद गुड्डा ने अपनी धर्मपत्नी के साथ सहभागिता निभाई। आयोजन का संचालन पंडित राहुल दीक्षित के वैदिक मंडल द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया। इस दौरान श्याम प्रेमी अनिल गुप्ता, जीतू, गोपी, पुष्पेंद्र सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर पूरे कस्बे में विशेष उत्साह देखने को मिला।



