गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र में सुख नदी में बह रहे एक शिक्षक को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। नदी से बाहर निकाले जाने के बाद उसकी पहचान गुमशुदा शिक्षक नंदकुमार कंवर के रूप में हुई। पुलिस ने शिक्षक को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नंदकुमार कंवर ग्राम सिवनी स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। 17 अगस्त की सुबह वे अपनी मोटरसाइकिल से स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने स्कूल स्टाफ, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

इसके बाद 18 अगस्त को उनकी पत्नी ने थाना छुरा पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।
पतासाजी के दौरान ग्रामीणों से पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सुख नदी में बहते हुए नदी किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना छुरा पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल और पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया और बह रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।
बाहर निकालने के बाद उसकी पहचान गुमशुदा शिक्षक नंदकुमार कंवर के रूप में हुई। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया।
इस सफल रेस्क्यू में थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश मिश्रा, अमित जांगड़े, रूपेंद्र जैन सहित ग्रामीणों की विशेष भूमिका रही।









