पणजी। Kharge Statement:कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गोवा में आयोजित एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। खड़गे ने तंज कसते हुए कहा कि जब वह पहली बार विधायक बने थे, तब अमित शाह राजनीति में सक्रिय नहीं थे और आज बीजेपी के नेता कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं।
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं पर बीजेपी की ओर से लगातार सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग देश की आजादी की लड़ाई में शामिल रहे हैं। उनके मुताबिक, बीजेपी और उसके वैचारिक पूर्वजों का स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान नहीं रहा, इसलिए कांग्रेस को देशभक्ति सिखाने की जरूरत नहीं है।

X पर भी बीजेपी पर साधा निशाना
खड़गे ने अपने भाषण के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इसी मुद्दे को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि जब वह पहली बार MLA बने थे, तब अमित शाह बच्चे थे और अब वे कांग्रेस को देशभक्ति सिखा रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर देश में नफरत और विभाजन की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बीजेपी पर दूसरी पार्टियों को तोड़ने और विधायकों की खरीद-फरोख्त के जरिए सरकार बनाने का आरोप लगाते हुए इसे ‘चोरों की सरकार’ तक कह दिया।
‘बीजेपी देश को तोड़ने का काम कर रही’
खड़गे ने आरोप लगाया कि बीजेपी की राजनीति देश की एकता और भाईचारे को मजबूत करने के बजाय समाज में नफरत फैलाने वाली है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उत्तराखंड में उनके भाषण के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मंच का ‘शुद्धिकरण’ किया था। खड़गे ने इसे लेकर बीजेपी की विचारधारा पर सवाल उठाए।
गोवा में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर भी विवाद
इसी कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ को लेकर भी राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस के कार्यक्रम में राष्ट्रगीत के शुरुआती दो अंतरे ही गाए गए। उस समय मल्लिकार्जुन खड़गे मंच पर मौजूद थे। इसे लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी फिर तेज होने के आसार हैं।
इससे पहले भी कांग्रेस के कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर विवाद सामने आ चुका है। इसी मामले को लेकर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दिए जाने की बात भी सामने आई थी। शिकायत में मामले की जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।






