गरियाबंद। मानसून के मौसम में पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ और सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए गरियाबंद पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिलेभर में प्रमुख पर्यटन स्थलों और मार्गों पर लगातार विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 15 अगस्त 2026 को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की। जांच के दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए कुल 10 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस की विशेष निगरानी खास तौर पर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों चिंगरापगार, जतमई और घटनारानी सहित वहां पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों पर रखी जा रही है। मानसून में इन पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने चेकिंग और कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस ने साफ किया है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक की बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। इसी को देखते हुए पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों को रोककर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
गरियाबंद पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।






