--विज्ञापन यहां--

Independence Day: पुलिस मैदान में शान से लहराया तिरंगा

By NS
On: August 15, 2026 11:21 PM
हमें फॉलो करें:
--विज्ञापन यहां--


बिलासपुर। Independence Day: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बिलासपुर का पुलिस मैदान देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भव्य समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के साथ पूरा मैदान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा। बारिश के बीच भी लोगों में देशभक्ति और उत्साह साफ दिखाई दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया गया, जिसमें नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ से विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प सामने आया।

ध्वजारोहण के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने शांति और स्वतंत्रता के प्रतीक सफेद कबूतरों के साथ तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। इसके बाद पुलिस, एनसीसी और विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। जवानों और विद्यार्थियों के अनुशासित कदमों ने समारोह में राष्ट्रप्रेम और गौरव का माहौल बना दिया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

– Advertisement –

Ad image

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 23 पृष्ठों के संदेश का वाचन किया गया। इस वाचन मे बताया गया की नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। बस्तर के नवनिर्माण, सुरक्षा और विकास के साथ अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं की पहुंच को प्राथमिकता बताया गया। संदेश में किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तीकरण और युवाओं के लिए रोजगार तथा कौशल के नए अवसरों पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री के संदेश में धान खरीदी, महतारी वंदन योजना, युवाओं के लिए भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के साथ प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ावा देने की बात कही गई। विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की भूमिका को अहम बताते हुए सड़क, रेल, बिजली, डिजिटल कनेक्टिविटी और नई अर्थव्यवस्था को गति देने का संकल्प दोहराया गया। 500 करोड़ रुपए के छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन, युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण और स्टार्टअप को बढ़ावा देने जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया, वहीं शासकीय कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों और परेड व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिए गए। समारोह में विधायक सुशांत शुक्ला, पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील कुमार जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल और डीआईजी रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिँह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल,आई पी एस गगन कुमार, सहित प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। तिरंगे की शान, वीर परिवारों के सम्मान और देशभक्ति के नारों के बीच बिलासपुर ने विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत भूमिका का संदेश दिया।



Source link

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment