नई दिल्ली। Cricket News: भारत और अफगानिस्तान के बीच सितंबर में होने वाली तीन मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव की संभावना है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से सीरीज के एक मुकाबले की तारीख बदलकर 14 सितंबर करने का अनुरोध किया है। 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी है।
फिलहाल दोनों टीमों के बीच तीनों मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में प्रस्तावित हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ACB चाहता है कि 13 या 15 सितंबर को होने वाले मुकाबलों में से किसी एक को 14 सितंबर को कराया जाए।

गणेश चतुर्थी पर मैच कराने की क्यों मांग?
आमतौर पर सोमवार को क्रिकेट मैच होने पर वीकेंड की तुलना में दर्शकों की संख्या कम रहने की संभावना रहती है। लेकिन इस बार 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी होने के कारण छुट्टी और त्योहार के माहौल को देखते हुए ACB को उम्मीद है कि स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच सकते हैं।
अगर BCCI इस प्रस्ताव को मंजूरी देता है, तो भारत-अफगानिस्तान सीरीज का एक मुकाबला गणेश चतुर्थी के दिन खेला जाएगा। हालांकि, तारीख में बदलाव को लेकर अंतिम फैसला अभी होना बाकी है।
तीनों मैच दिल्ली में प्रस्तावित
मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन T20 मैच 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाने हैं। तीनों मुकाबलों के लिए दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम को चुना गया है।
सीरीज दोनों टीमों के लिए आगामी एशियन गेम्स की तैयारियों के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।
टीवी और डिजिटल प्रसारण पर भी बातचीत
सीरीज के प्रसारण अधिकारों को लेकर भी बातचीत जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, ACB ने टीवी प्रसारण के लिए प्रमुख ब्रॉडकास्टर्स से संपर्क किया है और Sony Sports तथा Star Sports के साथ बातचीत चल रही है।
वहीं, मुकाबलों की डिजिटल स्ट्रीमिंग FanCode पर होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि टीवी प्रसारण को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। सीरीज के मीडिया अधिकार और मैदान पर ब्रांडिंग से जुड़ी जिम्मेदारी ITW Universe के पास बताई जा रही है।
अफगानिस्तान की घरेलू सीरीज, लेकिन भारत में मुकाबले
इस सीरीज की एक खास बात यह भी है कि ICC के Future Tours Programme (FTP) के तहत इसे अफगानिस्तान की घरेलू सीरीज माना जाएगा, लेकिन इसके सभी मुकाबले भारत में खेले जाएंगे।
अफगानिस्तान की टीम पिछले कुछ वर्षों से अपने घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भारत में आयोजित करती रही है। इस बार अफगानिस्तान भारत के खिलाफ अपनी ‘होम सीरीज’ भी भारतीय जमीन पर खेलेगा।
भारत के बांग्लादेश दौरे पर भी असर
भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज के कार्यक्रम के चलते भारतीय टीम के सितंबर में होने वाले संभावित बांग्लादेश दौरे पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ सितंबर में वनडे और T20 सीरीज का कार्यक्रम प्रस्तावित किया था, लेकिन दोनों देशों के मौजूदा हालात और जरूरी मंजूरियों के कारण दौरे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी।
अब अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज का कार्यक्रम सामने आने के बाद बांग्लादेश दौरे की संभावना और कम होती नजर आ रही है।
अगर ACB की मांग को BCCI की मंजूरी मिल जाती है, तो 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन भारत और अफगानिस्तान के बीच T20 मुकाबला देखने को मिल सकता है।








