नई दिल्ली। Pan India Movie: भारतीय पौराणिक कथाओं को बड़े पर्दे पर नए अंदाज में पेश करने के लिए एक और भव्य फिल्म की तैयारी शुरू हो गई है। जी स्टूडियोज ने अपनी पैन-इंडिया मायथोलॉजिकल एक्शन-फैंटेसी फिल्म ‘इंद्रपुत्र’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। फिल्म में साउथ स्टार किरण अब्बावरम मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। खास बात यह है कि अभिनेता इस फिल्म में अपने करियर से बिल्कुल अलग और पहले कभी नहीं देखे गए अवतार में दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्देशन श्रीकांत पुप्पला करेंगे, जो इसी प्रोजेक्ट के साथ निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। फिल्म की मुख्य शूटिंग अक्टूबर 2026 से शुरू होने की तैयारी है। फिलहाल फिल्म प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है।


‘इंद्रपुत्र’ को भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित एक बड़े सिनेमाई यूनिवर्स की पहली कड़ी बताया जा रहा है। फिल्म में पौराणिक कथा, फैंटेसी और एक्शन का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा। कहानी के केंद्र में धर्म और अधर्म के बीच संघर्ष को आधुनिक सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।
किरण अब्बावरम ने फिल्म को लेकर कहा कि ‘इंद्रपुत्र’ उनके अब तक के काम से पूरी तरह अलग है। किरदार के लिए उन्हें भावनात्मक गहराई के साथ शारीरिक बदलाव पर भी काम करना होगा। वहीं निर्देशक श्रीकांत पुप्पला का कहना है कि उनका लक्ष्य भारतीय पौराणिक विरासत को ऐसे भव्य स्तर पर प्रस्तुत करना है, जो दर्शकों को विजुअली शानदार होने के साथ भावनात्मक रूप से भी जोड़ सके।
फिल्म का निर्माण जी स्टूडियोज और प्रेरणा अरोड़ा कर रहे हैं, जबकि कीर्तन सह-निर्माता हैं। फिल्म की बाकी स्टारकास्ट, तकनीकी टीम और रिलीज डेट का खुलासा आने वाले समय में किया जाएगा।
उधर, नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ भी दो भागों में बड़े स्तर पर तैयार की जा रही है। ऐसे में पौराणिक फिल्मों के बीच मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है। अब देखना होगा कि ‘इंद्रपुत्र’ दर्शकों के बीच कितना बड़ा प्रभाव छोड़ पाती है।






