रायपुर। छत्तीसगढ़ की युवा टेनिस खिलाड़ी तनिष्का भटनागर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अंगोला में आयोजित ITF जूनियर्स टेनिस प्रतियोगिता के डबल्स वर्ग में उपविजेता का खिताब हासिल किया है।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में तनिष्का भटनागर और उनकी पार्टनर कमिला नून्स दा कोस्ता (अंगोला) ने भारतीय जोड़ी अरमानी नलवडे और प्रीतिका राणा को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल मुकाबले में तनिष्का और कमिला की जोड़ी का सामना प्रथम वरीयता प्राप्त लुइसे लुकजेक (जर्मनी) और रुतेदो टॉम (जिम्बाब्वे) की जोड़ी से हुआ। कड़े मुकाबले में तनिष्का की जोड़ी को 4-6, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
तनिष्का की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु द्विवेदी, महासचिव गुरुचरण सिंह होरा सहित संघ के सभी पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
तनिष्का की पार्टनर कमिला नून्स दा कोसता (अंगोला )

रायपुर सेक्टर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारियां तय
वहीं, सत्र 2026-27 के लिए रायपुर सेक्टर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं आबंटन को लेकर बैठक शासकीय नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय, रायपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमिताभ बनर्जी ने की।
बैठक में शासकीय महाविद्यालय भाटागांव की प्राचार्य डॉ. रेनू माहेश्वरी, क्रीड़ा प्रभारी डॉ. आर.ए. सिद्दीकी सहित रायपुर सेक्टर के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के क्रीड़ा अधिकारी और क्रीड़ा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में विभिन्न खेलों के आयोजन की जिम्मेदारी अलग-अलग महाविद्यालयों को सौंपी गई। इसके तहत एथलेटिक्स की जिम्मेदारी शासकीय दू.ब. महिला महाविद्यालय रायपुर, बैडमिंटन प्रगति महाविद्यालय रायपुर, बास्केटबॉल पुरुष सेंट विंसेंट पेलोटी महाविद्यालय रायपुर और बास्केटबॉल महिला महंत कॉलेज को दी गई है।
इसी तरह क्रिकेट का आयोजन शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय राजिम, फुटबॉल पुरुष सेंट विंसेंट पेलोटी महाविद्यालय, हैंडबॉल पुरुष विप्र महाविद्यालय और हैंडबॉल महिला नेताजी सुभाष फिजिकल कॉलेज बेलभांटा में होगा।
कबड्डी पुरुष की जिम्मेदारी मैक कॉलेज समता कॉलोनी, कबड्डी महिला एनआरएम महिला महाविद्यालय धमतरी, जबकि खो-खो पुरुष एवं महिला की मेजबानी कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय गोबरा नवापारा करेगा।
इसके अलावा टेबल टेनिस शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय रायपुर, वॉलीबॉल पुरुष शासकीय नवीन गर्ल्स कॉलेज गरियाबंद, वॉलीबॉल महिला शासकीय दू.ब. महिला महाविद्यालय रायपुर और योग प्रतियोगिता सेठ फूलचंद महाविद्यालय नवापारा में आयोजित की जाएगी।
इस बैठक के साथ ही रायपुर सेक्टर की आगामी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की रूपरेखा और जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।







