रायपुर। CG NEWS : माता सुंदरी पब्लिक स्कूल, रायपुर में द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ (पंजीकृत) के तत्वावधान एवं गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्धता में तृतीय सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर गतका राज्य स्तरीय प्रतियोगिता-2026 (महिला एवं पुरुष) का भव्य शुभारंभ हुआ।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल , सांसद, रायपुर लोकसभा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरु खुशवंत सिंह साहेब जी, कैबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन ने की। इस अवसर पर सुनील सोनी जी, विधायक, दक्षिण विधानसभा, अमरजीत सिंह छाबड़ा जी, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त एवं चेयरमैन, द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ सरदार जोरावर सिंह , भारतीय गतका संघ के सदस्य तथा श्री सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे: कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि गतका केवल एक खेल नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली परंपरा, साहस, आत्मरक्षा और अनुशासन से जुड़ी खेल विधा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का इस प्रतियोगिता में शामिल होना छत्तीसगढ़ में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और प्रतिभा को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास सिखाता है।
प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक खिलाड़ी अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के साथ अपने जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का प्रयास करे द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के चेयरमैन अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि गतका सिख समाज की गौरवशाली पारंपरिक मार्शल आर्ट विधा है, जिसका संबंध वीरता, आत्मरक्षा, अनुशासन और साहस से है। गतका हमारी समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है ।और आज यह परंपरागत कला देश के युवाओं के बीच आधुनिक खेल के रूप में भी अपनी पहचान बना रही है।
उन्होंने कहा कि गतका को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2023 के राष्ट्रीय खेलों में गतका को शामिल किया जाना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे गतका खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में गतका को और अधिक व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
छाबड़ा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गतका को गांव-गांव और स्कूल-कॉलेजों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवा इस खेल से जुड़ें और अपनी प्रतिभा को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर सकें।
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर 15 जिलों के 357 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 15 जिलों से 357 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी, कोच एवं मैनेजर शामिल हुए हैं। सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्गों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में गतका खेल को बढ़ावा देना, प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस और खेल भावना का विकास करना है।
दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन समारोह 9 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव मुख्य रूप से सम्मिलित होंगे साथ ही समाजसेवी बलदेव सिंह भाटिया जी, जगजीत सिंह खनूजा जी, राजवंत सिंह गरेवाल एवं जी.एस. भामरा जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।समापन अवसर पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।






