कांकेर। CG CRIME NEWS: कांकेर जिले के बांदे थाना क्षेत्र में मानव तस्करी और धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। काम दिलाने के नाम पर एक महिला को बहला-फुसलाकर मध्यप्रदेश ले जाकर 50 हजार रुपये में सौदा कर शादी करा दी गई। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को थाना बांदे में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि 20 मार्च 2026 को महिला बिना बताए कहीं चली गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लापता महिला मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में है। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 अगस्त 2026 को मध्यप्रदेश पहुंचकर महिला को बरामद किया और 7 अगस्त को उसे बांदे लाया गया।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा:
पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी अनिता पवार और जमना लाल भील ने उसे काम दिलाने का झांसा दिया और मध्यप्रदेश ले गए। वहां उसे जितेंद्र राठौर के पास 50 हजार रुपये में बेच दिया गया, जिसके बाद जबरन शादी करा दी गई।






