कुम्हारी। विचक्षण जैन विद्यापीठ, कुम्हारी में आज पद ग्रहण समारोह 2026–27 का आयोजन उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, प्रार्थना, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ए. पी. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने नव-निर्वाचित छात्र परिषद को शुभकामनाएँ देते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखने और आदर्श नेतृत्व प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
समारोह में विद्यालय के ट्रस्टीगण सर्वश्री राजेश गिडिया, विजय मालू, सुनील गोलछा, ऋषभ जैन एवं सौरभ पारख की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं सकारात्मक नेतृत्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की बात कही।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बैज अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह रहा, जिसमें नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैज पहनाकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के छात्र कप्तानों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय के अनुशासन, उत्कृष्टता एवं सेवा की भावना को सदैव सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं आत्मविश्वास के विकास की दिशा में अत्यंत प्रेरणादायी एवं सफल सिद्ध हुआ।








